पहले चरण में भाजपा को मिली बढ़त: अभिमन्यु

पहले चरण में भाजपा को मिली बढ़त: अभिमन्यु
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी कैप्टन अभिमन्यु।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के मतदान में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिल रही है और इस मतदान में भाजपा को सभी वर्गों का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पुन: सत्ता में आने पर प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं मिया जाएगा।

प्रदेश प्रदेश सह प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु आज यहां दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बसपा को माया की भेंट चढ़ गई और प्रदेश की जनता की नजर में उसकी कोई विश्वसनीयता नहीं बची है। हमारा मुकाबला गठबंधन से है जो अपने आपमें ही बेमेल है। इस बेमेल गठबंधन के कार्यकर्ताओं में स्नेह व आपस में समन्वय की स्पष्ट कमी दिखाई दे रही है तथा यह आपस में ही उलझें दिखाई दे रहे हैं। इनके कार्यकर्ताओं व नेताओं को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि विगत पांच साल में योगी सरकार ने प्रदेश को नई ऊंचाई और विकास को गति दी है। दोबारा सरकार बनने पर किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी तथा गन्ना किसानों को 14 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। देरी से होने वाले भुगतान के लिए मिलों से ब्याज वसूल करके गन्ना किसानों को ब्याज भुगतान की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 हजार करोड की लागत से चीनी मिलों का आधुनिकीकरण व नवीनीकरण किया जाएगा। नई सहकारी चीनी मिलों का निर्माण कराया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गुडों व माफियाओं के खिलाफ जिस प्रकार कार्रवाई की गई, वह आगे भी जारी रहेगी और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष राकेश जैन व क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग भी मौजूद रहे।