AAP सांसद संजय सिंह का हुमायूं कबीर पर हमला, ‘यह आस्तीन का सांप BJP के…’

AAP सांसद संजय सिंह का हुमायूं कबीर पर हमला, ‘यह आस्तीन का सांप BJP के…’

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर शोर के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर के कथित स्टिंग वीडियो पर राजनीति घमासान मचा है. इसे लेकर अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए हुमायूं कबीर को घेरा है. उन्होंने ‘आस्तीन का सांप’ बताते हुए आरोप लगाया कि इनका मकसद मुस्लिम वोटों को बांटकर बीजेपी को जिताना है. संजय सिंह ने ऐसे लोगों से जनता को सावधान रहने की भी अपील की.

‘वो बीजेपी के पैसों से चुनाव लड़ रहा’

AAP सांसद संजय सिंह ने हमला बोलते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”यह आस्तीन का सांप बीजेपी के पैसों से बाबरी मस्जिद का निर्माण करवा रहा है. वह बीजेपी के पैसों से चुनाव लड़ रहा है. उसका मकसद मुस्लिम वोटों को बांटकर बीजेपी को जिताना है. उससे सावधान रहें.”

हुमायूं कबीर पर BJP के साथ 1,000 करोड़ की डील का आरोप

दरअसल, ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने एक कथित स्टिंग वीडियो जारी करते हुए हुमायूं कबीर पर BJP के साथ 1,000 करोड़ रुपए की डील करने का आरोप लगाया है. इसके बाद, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन तोड़ लिया है और पश्चिम बंगाल में विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है.

हुमायूं कबीर ने TMC के आरोपों का किया खंडन

हुमायूं कबीर ने एक हजार करोड़ रुपए की डील संबंधी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के आरोपों का खंडन किया है. उन्होंने इसे टीएमसी की साजिश करार दिया है. हुमायूं कबीर ने टीएमसी को चुनौती देते हुए उससे सबूत भी मांगे हैं. कथित स्टिंग वीडियो के बाद शुक्रवार (10 अप्रैल) को हुमायूं कबीर मीडिया के सामने आए और टीएमसी के आरोपों पर अपनी सफाई दी. उन्होंने कहा, ”टीएमसी को सबूत देना चाहिए. टीएमसी में हिम्मत है तो मेरा वीडियो, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया, उसके सबूत दिखाए.”


Leave a Reply