मजबूती के साथ पंचायत चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी: हाजी यूनुस

मजबूती के साथ पंचायत चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी: हाजी यूनुस
  • सहारनपुर में आम आदमी पार्टी के पंचायत चुनाव प्रभारी व विधायक हाजी यूनुस का स्वागत करते कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। आम आदमी पार्टी के पंचायत चुनाव प्रभारी व मुस्तफाबाद के विधायक हाजी यूनुस ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी। विधायक हाजी यूनुस आज यहां देहरादून चौक स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय चुनाव मजबूती के साथ लडऩे का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों व दिल्ली मॉडल की जानकारी से जनता को अवगत करा रहे हैं ताकि उत्तर प्रदेश में जनता का समर्थन हासिल कर सके।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों की जनता के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पार्टी की बूथस्तर तक इकाइयों का गठन कर पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में हाजी यूनुस ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही उत्तर प्रदेश में भाजपा का बेहतर विकल्प बनेगी। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष आदित्य गर्ग व जिला प्रभारी मनीष सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों द्वारा विधायक हाजी यूनुस का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान दिनेश कुमार शर्मा, अमरीश वालिया, हरपाल सिंह, उमर जैदी, अक्षय जैन, मुजफ्फर हुसैन, शाह आलम, मुजम्मिल पंवार, मनोज फुटेला, जितेंद्र शर्मा, आशीष त्यागी, मनोज सैनी, मोनू पंडित, राजकुमार डोगरा, विशाल चंद आदि मौजूद रहे।