मल्टीलेयर प्लास्टिक से भरा एक ट्रक सोमवार को भी नगरायुक्त ने किया रवाना

- सहारनपुर में मल्टीलेयर प्लास्टिक से भरे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम ने मल्टीलेयर प्लास्टिक का एक ट्रक सोमवार को भी रिसाइकिल प्लांट के लिए दिल्ली भेजा है। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रक को रवाना किया। पिछले महीने भी करीब 15 टन मल्टीलेयर प्लास्टिक दिल्ली भेजी गयी थी। सोमवार को करीब सात टन मल्टीलेयर प्लास्टिक भेजी गयी है। आईटीसी मिशन सुनहरा कल की सहायता से उमंग व फोर्स द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कर जो सूखा कूड़ा महानगर के एमआरएफ सेंटरों पर लाया जाता है उसे छांटकर नौ अलग-अलग रुपों में बांटा जाता है। इनमें कांच, गत्ता, लोहा, लकड़ी, प्लास्टिक, मल्टीलेयर प्लास्टिक आदि शामिल है। इसी कूड़े से एमआरएफ सेंटरों पर छांटी गयी मल्टीलेयर प्लास्टिक को यहां मल्हीपुर रोड स्थित ट्रीटमेंट प्लांट पर एकत्रित कर बोरों में भरा गया और सोमवार को उन्हें ट्रक में लोड कर दिल्ली रिसाईकिल प्लांट के लिए रवाना किया गया। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि महानगर से प्लास्टिक को कम करने की दिशा में नगर निगम का यह एक विशेष अभियान है जो आगे भी जारी रहेगा। गत माह भी 15 टन से अधिक मल्टीलेयर प्लास्टिक दिल्ली भेजी गयी थी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में वेस्ट एनर्जी प्लांट में इस मल्टीलेयर प्लास्टिक को एनर्जी में परिवर्तित कर उससे बिजली बनायी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर को कूड़ा मुक्त करने के लिए यह भी जरुरी है कि सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन का उपयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पॉलीथिन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वाले लोगों पर हर रोज जुर्माना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह जुर्माना और बढ़ाया जायेगा। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर,आईटीसी की लिपिका सत्पथी, मंयक पांडेय, मौ. अर्श, रश्मिी टेरेंस,तबरेज, मनीष, विकास, शिवानी, सुशील व अंकित आदि मौजूद रहे।
