मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में पुलिस के हत्थे चढ़ा एक नशा तस्कर

मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में पुलिस के हत्थे चढ़ा एक नशा तस्कर
  • सहारनपुर में मिर्जापुर पुलिस द्वारा घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया नशा तस्कर।

सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलाह, चरस व बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।

जनपद पुलिस ने सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा मादक/नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी/बिक्री प्रभावी रूप से रोकथाम लगाने एवं इस धंधे में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा-नशे से अंधकार से जीवन के उजाले की ओर के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुबेसिंह, उपनिरीक्षक सचिन त्यागी व उपनिरीक्षक नरेंद्र के नेतृत्व में चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान शेरपुर पेलो की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आते दिखाई दिए।

संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस जब उन्हें रूकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्तियों पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए ग्राम कासिमपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से भागने लगे। पुलिस ने भी जान की परवाह किए बिना बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकरी बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। पुलिस को नजदीक आता देख बदमाश पुन: फायरिंग करते हुए खेतों की तरफ भाग खड़े हुए। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर दबोच लिया।

जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में काम्बिंग भी की परंतु बदमाश का कुछ पता नहीं चल सका। गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान नदीम पुत्र नाजिम निवासी गांव रायपुर थाना मिर्जापुर के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, तीन जिंदा व एक खोखा कारतूस 315 बोर, एक बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल एवं 550 ग्राम अवैध चरस बरामद कर ली। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।