shobhit University Gangoh
 

एक दिन पहले माता-पिता को दिया था मैरिज एनिवर्सरी पर सरप्राइज, दूसरे दिन कार हादसे में बेटे की मौत

एक दिन पहले माता-पिता को दिया था मैरिज एनिवर्सरी पर सरप्राइज, दूसरे दिन कार हादसे में बेटे की मौत
  • आगरा में सिकंदरा हाईवे पर कार दुर्घटना में कारोबारी के पुत्र की मौत। आइएसबीटी के पास कार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर। माता-पिता की शादी की वर्षगांठ में दिल्ली से आए थे 19 वर्षीय हृदिम। कमला नगर के अनुपम हाईट्स अपार्टमेंट के रहने वाले हैं कारोबारी।

आगरा। आगरा में सिकंदरा हाईवे पर गुरु का ताल के पास शुक्रवार आधी रात को कार दुर्घटना में कारोबारी के पुत्र की म़ृत्यु हो गई। वह दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर घर आ रहे थे। आइएसबीटी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। जिसमें कारोबारी पुत्र की मृत्यु और उनका एक दोस्त घायल हाे गया।

दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे हृदिम

कमला नगर में मुगल रोड स्थित अनुपम हाईट्स अपार्टमेंट के रहने वाले अभिषेक गुप्ता और उनकी पत्नी आरती गुप्ता अभिती ग्रुप आफ कंपनीज के निदेशक हैं। उनके 19 वर्षीय पुत्र हृदिम दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। अभिषेक और आरती की 20 जनवरी को शादी की वर्षगांठ थी। हृदिम माता-पिता की वर्षगांठ मनाने आगरा आए थे।

शुक्रवार की रात को उनके एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी भी थी। वह उसमें शामिल होकर घर आ रहे थे। कार में उनके साथ दोस्त रिदिम पुत्र मनीष अग्रवाल निवासी कमला नगर भी थे। आइएसबीटी के पास कार में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें हृदिम और रिदिम गंभीर घायल हाे गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर गई। यहां पर डाक्टरों ने हृदिम को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल रिदिम का उपचार चल रहा है।

पुलिस ने कारोबारी दंपती को हृदिम की मौत की जानकारी दी तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि मनीष अग्रवाल मूलरूप से नई बस्ती फिरोजाबाद के रहने वाले हैं।

हृदिम ने दिया था माता-पिता काे सरप्राइज

हृदिम की मौत से परिवार का बुरा हाल है। उन्होंने माता-पिता की शादी की वर्षगांठ पर पर बिना बताए आकर सरप्राइज दिया था। बेटे के आने से माता-पिता बेहद खुश थे। मगर, कुछ ही घंटों बाद दुर्घटना में उनकी मृत्यु की खबर ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया।

 

Jamia Tibbia