CEC ज्ञानेश कुमार पर बवाल: कार्यक्रम स्थगित, कांग्रेस का प्रदर्शन, थाने में शिकायत

CEC ज्ञानेश कुमार पर बवाल: कार्यक्रम स्थगित, कांग्रेस का प्रदर्शन, थाने में शिकायत

चुनाव आयोग में मतभेद और एसआईआर को लेकर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है. आज पूरे देश में चुनाव आयोग तक कांग्रेस मोर्चा निकाल रही है. इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा.

साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस्तीफा नहीं होता है तो वो आंदोलन करेगी. वहीं बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि वो हार से बौखलाए हुए हैं. उन्हें राजनीतिक समझ नहीं है.

ज्ञानेश कुमार का कार्यक्रम स्थगित

इस बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मेरठ में एक कार्यक्रम था, फिलहाल उसे स्थगित कर दिया गया है. हालांकि चुनाव आयोग ने सफाई में कहा है कि यह फैसला 21 सितंबर को ही किया गया था.

चुनाव आयोग और एसआईआर के मसले पर ताजा विवाद 23 सितंबर को तब शुरू हुआ जब इंडियन एक्सप्रेस अखबार ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने कई मसलों पर आपत्तियां दर्ज कराई.

विपक्षी दलों ने क्या कदम उठाए?

कांग्रेस आज चुनाव आयोग के दफ्तर तक विरोध मार्च निकाल रही है. वहीं बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में आज RJD का प्रदर्शन हो रहा है. इसके साथ ही विपक्ष सीईसी के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी में है.

TMC की सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं बॉम्बे हाईकोर्ट के कोल्हापुर बेंच में भी याचिका दायर की गई है. प्रथमेश गोपाल गवाणकर, गौरव सूर्यकांत नाखरेकर, आदेश शशिकांत भाटकर और स्मिताली निलेश नार्वेकर ने ये याचिका दाखिल की है.

याचिका में दावा किया गया है कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों ने विभिन्न फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी. याचिकाकर्ताओं ने मतदाता पंजीकरण, मतदाताओं के नाम हटाने, मतदाता सूची के डेटाबेस, ERO की कार्यप्रणाली और ECINet प्रणाली से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं।

वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की अवमानना का मुकदमा चलाने की मांग के लिए वकील ब्रजेश सिंह ने अटॉर्नी जनरल को चिट्ठी लिख कर अनुमति मांगी है.

इकके बाद सियासी हंगामा शुरू हुआ. सभी विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार पर एक्शन की मांग की है. उनका कहना है कि वो इस्तीफा दें या फिर उन्हें पद से हटाया जाए. साथ ही सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की मांग की गई है.

बीजेपी ने क्या कहा?

विपक्ष के आरोपों पर बीजेपी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि निर्वाचन आयोग में सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिये गए. ऐसा कोई सबूत नहीं है कि निर्णय बहुमत के आधार पर लिये गए हों. बीजेपी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि शायद राहुल गांधी को अब भी यह एहसास नहीं है कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में पिछले कई दशक से सत्ता से बाहर है.

Leave a Reply