गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट के इंजन में खराबी, हवा में घोषित हुई इमरजेंसी; विमान सुरक्षित लौटा

गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट के इंजन में खराबी, हवा में घोषित हुई इमरजेंसी; विमान सुरक्षित लौटा

पणजी। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद उड़ान में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पायलटों ने एहतियात के तौर पर विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया, जहां इसे सुरक्षित रूप से मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया।

14 हजार फीट की ऊंचाई से विमान ने लिया यू-टर्न

स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुबह 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र के ऊपर था, तभी उसने गोवा की ओर वापसी शुरू की।

विमान ने सुबह 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की और उसे स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। विमान के सुरक्षित उतरने की पुष्टि के बाद ATC ने सुबह 10:03 बजे फुल इमरजेंसी हटा ली।

सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में पहुंचाया गया। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली जाने वाले यात्रियों की उड़ान को फिलहाल दोपहर 3:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। हालांकि, यह विमान की तकनीकी जांच, जरूरी मंजूरी और परिचालन स्थिति पर निर्भर करेगा।

इंडिगो ने जारी किया बयान

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी का पता चला। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।

एयरलाइन के मुताबिक, विमान की मेंटेनेंस जांच जारी है। जरूरी तकनीकी जांच और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा। फिलहाल इंजन में आई खराबी की सटीक वजह सामने नहीं आई है।

Leave a Reply