PM मोदी का Gen Z को संदेश: ‘7.8% ग्रोथ, मजबूत आंकड़े और उससे भी मजबूत भरोसा’, राहुल गांधी पर साधा निशाना

PM मोदी का Gen Z को संदेश: ‘7.8% ग्रोथ, मजबूत आंकड़े और उससे भी मजबूत भरोसा’, राहुल गांधी पर साधा निशाना

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z से सीधे जुड़ने की कोशिश करते हुए इंस्टाग्राम पर सेल्फी-स्टाइल वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार का जिक्र करते हुए नकारात्मकता फैलाने वालों पर निशाना साधा। उनके बयान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर परोक्ष कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध, संकट, सप्लाई चेन में व्यवधान और कोविड महामारी के बाद बनी आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन तमाम चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत प्रदर्शन किया है।

GDP ग्रोथ 7.8%, मोदी ने बताया बड़ी उपलब्धि

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और बढ़ते भरोसे का संकेत बताया। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “7.8% ग्रोथ। मजबूत आंकड़े। और भी मजबूत भरोसा।”

मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय कई तरह के संकटों से जूझ रही है। युद्ध और सप्लाई चेन में रुकावटों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। कोविड-19 महामारी के बाद भी दुनिया में आर्थिक स्थिरता पूरी तरह वापस नहीं आई है। इसके बावजूद भारत लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

‘झूठ की गूंज’ पर राहुल गांधी को घेरा

प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाने वालों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत विकास कर रहा है, वहीं देश में कुछ लोग “निराशावाद और झूठ की गूंज” में डूबे हुए हैं और लगातार नकारात्मकता फैला रहे हैं।

हालांकि प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी का नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को राहुल गांधी के हालिया राजनीतिक अभियान और सरकार पर किए जा रहे उनके हमलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

‘गति बनाए रखनी होगी’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को अब हासिल की गई आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश को तमाम बाधाओं को पार करते हुए आगे बढ़ते रहना होगा।

मोदी ने आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत की आर्थिक प्रगति को कायम रखने के लिए घरेलू क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply