नेपाल बाढ़ त्रासदी पर भारत की नजर, कीर्तिवर्धन सिंह बोले- ‘579 मौतों की सूचना, हर संभव मदद भेज रहा भारत’

नेपाल बाढ़ त्रासदी पर भारत की नजर, कीर्तिवर्धन सिंह बोले- ‘579 मौतों की सूचना, हर संभव मदद भेज रहा भारत’

गोंडा: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को लेकर भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने गोंडा में कहा कि नेपाल में आई त्रासदी में अब तक 579 लोगों की मौत की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री भेजी जा रही है।

कीर्तिवर्धन सिंह ने बताया कि घटना के दिन ही नेपाल में मौजूद भारतीय मिशन ने तत्काल 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू की थी। हेल्पलाइन के जरिए नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

भारतीय नागरिकों पर भी नजर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नेपाल के किस इलाके में किस तरह की मदद की जरूरत है। खास तौर पर नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की खोज-खबर ली जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारत ने पहले भी कई बार विशेष विमानों के जरिए नेपाल को मेडिकल सहायता और जरूरी राहत सामग्री भेजी है और जरूरत के अनुसार यह मदद आगे भी जारी रहेगी।

‘नेपाल सरकार बताएगी, हम सहायता करेंगे’

कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि नेपाल सरकार जैसे-जैसे अपनी जरूरतों के बारे में जानकारी देगी, भारत उसी के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे वहां की सरकार बताएगी, वैसे-वैसे हम लोग उनकी हर यथासंभव सहायता करेंगे। हर जरूरी कोऑपरेशन करेंगे।”

मंत्री ने कहा कि भारत नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर तत्काल कदम उठाए जाएंगे।

चीन के अलर्ट पर भी बोले कीर्तिवर्धन सिंह

चीन की ओर से जारी अलर्ट से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्र में भारतीय सुरक्षा बल तैनात हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है।

उन्होंने कहा कि सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यदि कोई स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जरूरत पड़ी तो लोगों को कराया जाएगा सुरक्षित

कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि यदि नेपाल के किसी इलाके से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने यानी एवेक्यूएशन की जरूरत पड़ती है, तो भारत सरकार जरूरी कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि नेपाल में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और परिस्थिति के अनुसार आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

नेपाल के पीएम बालेन शाह के भारत दौरे पर क्या बोले?

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के इसी साल भारत दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि अभी यह मामला शुरुआती चरण में है।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इस संबंध में स्थिति और स्पष्ट होगी, उसके बारे में जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल दौरे को लेकर किसी अंतिम कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई है।

Leave a Reply