एनसीसी कैडेट्स भर्ती अभियान में 99 छात्रों का किया चयन

- सहारनपुर में एनसीसी भर्ती परीक्षा में छात्रों की शारीरिक जांच करते अधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। 83 यूपी बटालियन द्वारा बाजोरिया इंटर कालेज में चलाए गए एनसीसी कैडेट्स भर्ती अभियान के अंतर्गत सीनियर डिवीजन में 49 व जूनियर डिवीजन में 50 छात्रों का चयन किया गया। स्थानीय बेहट रोड स्थित बाजोरिया इंटर कालेज में 83 यूपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल चंचल सिंह कपकोटि के निर्देशन में चलाए गए अभियान में सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने छात्रों की शारीरिक नाप-तोल करने के बाद 800 मीटर की दौड़ लगवाई। फिजिकल टेस्ट के बाद लिखित परीक्षा भी सम्पन्न कराई गई। भर्ती अभियान में कुल 250 ने भाग लिया जिनमें से सीनियर डिवीजन में 49 व जूनियर डिवीजन में 50 छात्रों का चयन किया गया।
बाजोरिया इंटर कालेज के एएनओ मेजर सुधीर चौधरी ने बताया कि छात्रों में एनसीसी के प्रति रूझान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि भर्ती के समय छात्र पूरे जोश व जुनून के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। विद्यालय के प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने जूनियर डिवीजन छात्रों को अनुशासित कर भर्ती में सहयोग किया। कालेज की उपप्रधानाचार्य शर्मिला राय ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स में उच्च चारित्रिक गुणों का विकास करती है जिससे वे अपने जीवन में विभिन्न क्षेत्रों में जाकर उच्च उपलब्धियां हासिल करते हैं। इस अवसर पर सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह, सूबेदार सुखपाल सिंह, कर्मवीर, हवलदार जतिन थापा, कैडेट ऋतिक आर्यन, विकास आदि मौजूद रहे।