नई दिल्ली । देश में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यह वैरिएंट अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। बुधवार को इसकी चपेट में आने वाला पंजाब 23वां राज्य बना। अब तक देश भर में ओमिक्रोन के 948 मामले मिल चुके हैं जिनमें से 265 लोग अब तक ठीक भी हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक बुधवार को महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के रिकार्ड 85 नए मामले मिले और राज्य में इसके कुल मामलों की संख्या बढ़कर 252 हो गई। दिल्ली में इसके 238 केस सामने आ चुके हैं।
किस राज्य में ओमिक्रोन के कितने मामले
राज्य – कुल मामले – स्वस्थ हुए
महाराष्ट्र – 252 – 72
दिल्ली – 238 – 57
गुजरात – 97 – 41
राजस्थान – 69 – 30
केरल – 65 – 1
तेलंगाना – 62 – 10
तमिलनाडु- 45 – 18
कर्नाटक – 43 – 16
आंध्र प्रदेश- 16 – 1
हरियाणा – 12 – 2
बंगाल – 11 – 1
मध्य प्रदेश 9 – 7
ओडिशा – 9 – 0
उत्तराखंड – 4 – 0
चंडीगढ़ – 3 – 2
जम्मू-कश्मीर – 3 – 3
उत्तर प्रदेश – 3 – 2
पुडुचेरी 2 – 2
पंजाब 1 – 1
हिमाचल 1 – 1
लद्दाख – 1 – 1
मणिपुर 1 – 1
गोवा 1 – 1
राजस्थान में 23, गुजरात में 19 और आंध्र में 10 नए केस
इसके अलावा बुधवार को राजस्थान में ओमिक्रोन के 23, गुजरात में 19, आंध्र प्रदेश में 10, कर्नाटक में पांच और उत्तर प्रदेश व ओडिशा में एक-एक मामले सामने आए हैं।
तमिलनाडु में ओमिक्रोन के 118 संदिग्ध मामले मिले
तमिलनाडु में ओमिक्रोन के 11 और मामले मिलने के बाद कुल केस की संख्या 45 हो गई है। इसके अलावा 118 संदिग्ध केस भी सामने आए हैं। संक्रमित पाए गए इन 118 लोगों के नमूनों में एस जीन नहीं है। जिन लोगों के सैंपल में एस जीन नहीं हो रही है उनमें से ज्यादातर में ओमिक्रोन वायरस मिल रहा है। इनके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। असम में डिब्रूगढ़ यूनिवर्सिटी में तीन अफ्रीकी छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके सैंपल भी जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
डराने लगी कोरोना की रफ्तार
वहीं देश में कोरोना के बढ़ते नए मामले डराने लगे हैं। खासकर दिल्ली और मुंबई में सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के आंकड़े हैरान कर रहे हैं। पिछले तीन के आंकड़े बता रहे हैं कि दोनों महानगरों में एक दिन में ही मामले दोगुना हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों से बुधवार देर रात तक मिली जानकारी के मुताबिक 33 दिन बाद कोरोना के नए मामले फिर 10 हजार को पार कर गए हैं। इससे पहले 26 नवंबर को 10,549 केस सामने आए थे।
कौन-कौन हुए संक्रमित
- राकांपा सांसद सुप्रिया सुले और उनके पति सदानंद सुले भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
- महाराष्ट्र की आदिवासी विकास मंत्री केसी पड़वी भी संक्रमित हो गए हैं।
- अभिनेता अर्जुन कपूर दोबारा कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। वह पिछले साल सितंबर में भी वह संक्रमित हुए थे।
- अभिनेता अनिल कपूर की बेटी और फिल्म निर्माता रिया कपूर और उनके पति भी संक्रमित पाए गए हैं।
दिल्ली और मुंबई में दोगुने हुए मामले
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 923 नए केस मिले हैं, एक दिन पहले 496 और उससे पहले ढाई सौ के करीब नए मामले मिले थे। मुंबई में 2,510 नए मामले पाए गए हैं। मंगलवार को 1,377 और सोमवार को 809 मामले मिले थे। कोरोना की दूसरी लहर जब चरम पर थी तब आठ मई को मुंबई में 2,678 संक्रमित मिले थे। बृहन्मुंबई नगर पालिका ने संयुक्त अरब अमीरात से आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य बना दिया है।
गुजरात में फिर बढ़े केस, केरल में नाइट कर्फ्यू
गुजरात में 548 केस पाए गए हैं। राज्य में करीब साढ़े छह महीने बाद एक दिन में पांच सौ से ज्यादा मामले पाए गए हैं। केरल में पहले से ही संक्रमण का सबसे बुरा हाल है। वहां करीब तीन हजार नए मामले मिले हैं और 211 और लोगों की मौत हुई है। खराब होते हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सख्ती के साथ रात का कर्फ्यू लगा दिया है। धार्मिक स्थलों को भी इसमें रियायत नहीं दी गई है।
कई राज्यों में तेजी से बढ़ रहे मामले
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सक्रिय मामलों में डेढ़ हजार से ज्यादा की वृद्धि हुई है। वर्तमान में सक्रिय मामले बढ़कर 77,002 हो गए हैं जो कुल मामलों का 0.22 प्रतिशत है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के कारण मामले बढ़े : जैन
इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि कई अंतरराष्ट्रीय यात्री जिनकी हवाई अड्डे पर जांच की गई थी और जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ऐसे लोग कुछ दिनों के बाद संक्रमित पाए जा रहे हैं। यही नहीं इन लोगों के परिवार के सदस्य भी संक्रमित हो रहे हैं। देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के कारण ही मामले बढ़े हैं। जैन ने कहा कि अब जोखिम वाले देशों से आने वाले लोगों की जांच रिपोर्ट हवाई अड्डे पर निगेटिव आती है तो भी उनको एक हफ्ते के लिए होम क्वारंटीन के नियम का पालन करना होगा।
जीनोम कंसोर्टियम इंसाकाग ने किया आगाह
इस बीच सार्स कोव जीनोम कंसोर्टियम इंसाकाग का कहना है कि ओमिक्रोन के उच्च प्रतिरक्षा से बचने की क्षमता के समर्थन में स्पष्ट प्रयोगात्मक और क्लीनिकल आंकड़े हैं। हालांकि प्रारंभिक अनुमान बीमारी की गंभीरता को पिछली लहरों की तुलना में कम आंकते हैं। इंसाकाग ने यह भी कहा कि देश में ओमिक्रोन को लेकर अध्ययन किए जा रहे हैं। यही नहीं मौजूदा वक्त में दुनिया के कई हिस्सों में कोरोना का डेल्टा वैरिएंट अभी भी वैरिएंट आफ कंसर्न बना हुआ है। हालांकि दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रोन ने संक्रमण के लिहाज से डेल्टा को पीछे छोड़ दिया है।
एक दिन में 302 लोगों की मौत
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3,48,08,886 हो गया है। यही नहीं बीते 24 घंटे में संक्रमण से 302 लोगों की मौत हो गई है जिससे महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,80,592 हो गई है। राहत की बात यह है कि देश में लगातार 62 दिन से कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले 15 हजार से कम हैं।
टीकों की 143.15 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
मौजूदा वक्त में देश में रिकवरी रेट 98.40 फीसद है जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 3,42,51,292 लोग कोरोना को हरा कर ठीक हो चुके हैं। यही नहीं देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 143.15 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। महामारी से अब तक महाराष्ट्र में 1,41,476, केरल में 47,066, कर्नाटक में 38,318, तमिलनाडु में 36,750, दिल्ली में 25,107, उत्तर प्रदेश में 22,915 और पश्चिम बंगाल में 19,733 लोगों की मौत हुई है।