मेले में 90 प्रतिशत मुस्लिम दुकानदार, यह नहीं तो खत्म हो जाएगा मेला: पंडित सतेंद्र
योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर के बयान पर बाला सुंदरी देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष का जवा
देवबंद। योग साधना आश्रम मुजफ्फरनगर के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज के बयान पर श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने कहा कि यह मेला हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक रहा है। इसमें 90 प्रतिशत दुकानदार मुस्लिम होते हैं।
बुधवार को दिए बयान में पंडित सतेंद्र शर्मा ने कहा कि यशवीर महाराज को देवबंद के बारे में जानकारी नहीं है। यह मेला नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में हर वर्ष लगता है। शुरु से ही पालिकाध्यक्ष मुस्लिम बनता रहा है और सभी व्यवस्था वही देखते थे। उन्होंने कहा कि मेले में 90 प्रतिशत दुकानें मुस्लिम दुकानदार ही लगाते हैं। अगर मेले में मुस्लिमों की एंट्री बंद कर दी गई तो यह मेला हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। कहा कि आज तक इस मामले में किसी भी प्रकार का कोई झगड़ा या विवाद नहीं हुआ और न ही कभी आपसी सौहार्द खराब हुआ। मेले में मुस्लिम दुकानदार और नगर पालिका पूरा सहयोग करते हैं। इसलिए मेले में यह चीज असंभव है कि मुस्लिम की एंट्री बंद कर दी जाए। यह मेला सभी के साथ चलने से ही कामयाब होता है।
बता दें, कि मंगलवार को योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने वीडियो बयान जारी कर एक अप्रैल से आरंभ होने वाले श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेले में दुकानें लगाने वाले मुस्लिमों को विरोध करने की चेतावनी दी थी। साथ ही पुलिस प्रशासन से इस और ध्यान आकर्षित करने की मांग की थी।
