जागृति दिवस के रूप में मनाया भाकियू संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत का 88वां जन्मदिवस

जागृति दिवस के रूप में मनाया भाकियू संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत का 88वां जन्मदिवस
  • सहारनपुर में गंगोह में भाकियू संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती मनाते किसान।

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े किसानों ने किसानों के मसीहा चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की 88वीं जयंती किसान जागृति दिवस के रूप में मनाई तथा चौ. टिकैत के आदर्शों से प्रेरणा लेकर किसान हित की लड़ाई बड़ी मजबूती के साथ लडऩे का संकल्प लिया गया।

कलक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा किसानों के मसीहा चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की 88वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद केक काटकर किसानों को प्रसाद के रूप में वितरित किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार ने कहा कि चौ. महेंद्र सिंह टिकैत करिश्माई किसान नेता रहे हैं। उनके जीवन की सादगी उनके व्यक्तित्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बाबा टिकैत ने अपने जीवन में कुछ आदर्श व मापदंड स्थापित किए जिस कारण वह अमर हो गए। उनका जीवन किसान और उसकी खुशहाली के लिए समर्पित रहा। चौ. विनय कुमार ने कहा कि चौ. महेंद्र सिंह टिकैत के संघर्ष और सफलता के गवाह अनेक आंदोलन बने।

जिलाध्यक्ष चौ. राजपाल सिंह ने कहा कि 27 जनवरी 1988 को मेरठ कमिश्नरी पर महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों के साथ डेरा डाल दिया था और वहीं पर किसानों ने भोजन की भट्टियां सुलगा दी थी। 35 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन 24 दिन तक शांतिपूर्ण तरीके से चला था। उसके बाद बाबा टिकैत ने घोषणा की थी कि अब धरना दिल्ली में होगा। उन्होंने किसानों से चौ. महेंद्र सिंह टिकैत के संघर्ष व आदर्शों से प्रेरणा लेकर किसान हित में एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भीमसिंह सरसावा व संचालन चौ. अशोक कुमार ने किया। कार्यक्रम को मूसा प्रधान, पायल सिंह, सुरेश प्रमुख, मुकेश तोमर, अरूण राणा, विवेक पुंडीर, स. भोला सिंह, प्रदीप ठाकुर, वीरसिंह, धर्मवीर, नईम खान, बबलू, अनूप सिंह, प्रवीण कुमार ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान जिले सिंह, रघुवीर सिंह, अमित मुखिया, सुदेश पाल, मनीष कुमार, आरिफ मलिक, वीरेंद्र सिंह, धीरसिंह, तहसीन, ईश्वर चंद, बबलू पनियाली, सुरेश चौधरी समेत भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।