ईंट भटटे पर कार्य करने वाले 8 महिलाओं व 16 बच्चों को भटटा चलाने वाले आधा दर्जन से अधिक लोगों ने बनाया बंधक

ईंट भटटे पर कार्य करने वाले 8 महिलाओं व 16 बच्चों को भटटा चलाने वाले आधा दर्जन से अधिक लोगों ने बनाया बंधक
  • सूचना पर पहुची पुलिस ने मु0 नगर जनपद के एक गांव के जंगल में बने एक मकान कराया मुक्त
  • पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज, चार आरोपी हिरासत में

देवबंद  [24CN] : ईट भटटे पर मजदूरी करने वाली आठ महिलाओं व 16 बच्चों को आधा दर्जन से अधिक लोगों ने डरा धमकाकर बंधक बना लिया। पुलिस सूचना मिलने पर मु0 नगर जनपद के एक गांव पहुंची तथा वहां जंगल में बने एक मकान में बंधक बनाये गये दो दर्जन महिलाओं व बच्चों को मुक्त कराया। पुलिस ने इस प्रकरण में आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुये चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

देवबंद क्षेत्र के सांपला रोड स्थित ईट भटटे पर कैराना के कई परिवार ईट पथाई का काम करते है। बताया जाता है कि इनके परिवारों के पुरूष किसी और भटटे पर काम करने चले गये। इस बात से गुस्साये इस भटटे को चलाने वाले आधा दर्जन से अधिक व्यक्तियों ने आठ महिलाओं गुलिस्ता, नगमा, सुनीजा, आसमा, नाजमा रूकयया व वसीला व इन महिलाओं के 16 बच्चों को बंधक बना लिया। आरोपी महिलाओं व बच्चों को डरा धमका कर मु0 नगर जनपद के खुडडा नगला गांव के जंगल में बने एक मकान ले गये तथा यहां पर सभी को बंधक बना लिया।

पुलिस को जब सूचना मिली कि महिलाओं व बच्चों को कुछ लोगों द्वारा बंधक बना कर कहीं जंगल में छुपा कर रखा गया है तो पुलिस में भी हडकंप मच गया। पुलिस की टीम शनिवार को अलसुबह मौके पर पहुंच गयी तथा महिलाओं व बच्चों को मुक्त कराकर अपने साथ कोतवाली ले आयी। बाद में इन सभी को इनके घर भेज दिया गया।

कोतवाली में पीडित महिलाओं ने बताया कि आरोपियों द्वारा उनके साथ अभद्रता व मारपीट की गयी उनको भूखे प्यासे जंगल में एक मकान में बंद कर रखा गया। उधर भटटा मालिक आलम का कहना है कि उसने इन लोगों को 6 लाख रू0 पेशगी दे रखे है तथा अब यह लोग उसका काम छोडकर किसी अन्य जगह काम करने जा रहे थे।

कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि इस मामले में आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होने बताया कि अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Jamia Tibbia