शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में 77 वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में आज दिनांक 26 जनवरी को 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस वर्ष यह राष्ट्रीय पर्व शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के लिए विशेष पलों से स्वर्णिम रहा, जिसमे प्रथम प्रयास में शोभित विश्वविद्यालय गंगोह नैक से ए ग्रेड पाने वाला विश्वविद्यालय बना, जिसमे शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र जी ने शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के प्रांगण में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के समय संस्था के कुलपति, प्रो०(डॉ.) रणजीत सिंह, कुलसचिव प्रो०(डॉ.) महिपाल सिंह, केयर टेकर सूफी ज़हीर अख्तर एवं जमशेद प्रधान जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी सुरक्षा कर्मियों एवं एन.सी.सी. कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी एवं गार्ड ऑफ ऑनर दिया एवं राष्ट्रगान गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा अनेक प्रस्तुतियां दी गई जिसमे छात्रा सूफिया, मरियम परवीन, छात्र वंश चौधरी, नब्बाज़ रहमान आदि छात्र एवं छात्राओं ने देश भक्ति गीत, भाषण व कविताओं से कार्यक्रम को यादगार बनाया। कार्यक्रम में मंच संचालन बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस) के छात्र अनमोल द्वारा किया गया।

गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुँवर शेखर विजेंद्र जी ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने उध्बोधन में सभी को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम “वंदे मातरम् और आत्मनिर्भर भारत”है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक ऐसा सपना और संकल्प है जिसे साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। ज्ञान, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और स्वावलंबन के माध्यम से देश को सशक्त बनाना ही इस संकल्प का मूल उद्देश्य है, जिसमें युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कुलाधिपति श्री कुँवर शेखर विजेंद्र जी ने अपने वक्तव्य में कार्य के प्रति दृढ़ निष्ठा पर बल देते हुए कहा कि ऊर्जा, उत्साह और उल्लास के साथ निरंतर आगे बढ़ना ही प्रगति का मूल आधार है। साथ ही उन्होंने सभी से सकारात्मक सोच, सामूहिक प्रयास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो०(डॉ.) रणजीत सिंह ने शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र जी का स्वागत कर किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो०(डॉ.) रणजीत सिंह ने बाबू जी को नमन करते हुए कहा कि गणतंत्र केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि यह हमारी मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा, समर्पण और कर्तव्यबोध की भावना का सजीव प्रतीक है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इसी भावना और दृढ़ संकल्प के साथ इसे और अधिक सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है।
इस अवसर पर संस्था के केयर टेकर सूफी जहीर अख्तर ने राष्ट्र के प्रति अपनी अपनी भावनाएं व्यक्त की और विश्वविद्यालय के सन्दर्भ में कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान मात्र नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है, जहाँ से छात्र शिक्षित होकर देश के प्रत्येक क्षेत्र में जा रहे है। हमारा सबका यह परम दायित्व है कि हम ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से युक्त विद्यार्थियों का निर्माण करें।

कार्यक्रम के अंत में शोभित विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो०(डॉ.) महिपाल सिंह ने शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र जी एवं कुलपति, प्रो०(डॉ.) रणजीत सिंह का धन्यवाद प्रेषित किया तथा कार्यक्रम के आयोजकों को अनेक शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रो०(डॉ.) प्रशांत कुमार, विभागाध्यक्ष (शिक्षा विभाग) ने किया। इस अवसर पर सभी विभागों के डीन, प्राचार्य, शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, आदि उपस्थित रहे। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

