स्मार्ट सिटी योजना में 600 किमी.बिछाई गयी रसोई गैस लाईन

  •  8500 घरों में कनेक्शन, 100 घरों में गैस आपूर्ति शुरु

सहारनपुर [24CN] । भारत पैट्रोलियम द्वारा सहारनपुर में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 600 किलोमीटर रसोई गैस पाइप लाइन बिछाकर अनेक कॉलोनियों के 8500 घरों में गैस कनेक्शन दिए जा चुके है। नगरायुक्त व स्मार्ट सिटी के सीईओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सहारनपुर स्मार्ट सिटी के रुप में चयनित है। सहारनपुर शहर और उसकी सेवाओं को स्मार्ट बनाने के साथ-साथ लोगों को स्मार्ट बनाने की कोशिश लगातार नगर निगम द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देकर उनका जीवन स्तर ऊँचा उठाने का लक्ष्य लेकर निगम ने अनेक क्षेत्रों में नये आयाम स्थापित किये हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में स्मार्ट सिटी के तहत पूरे शहर को रसोई गैस पाइप लाईन से आच्छादित किया जा रहा है ताकि लोगों को रसोई गैस के लिए इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत भारत पैट्रोलियम की मदद से शहर के पेपर मिल रोड, आवास विकास, पंत विहार, भगवती कॉलोनी बेहट रोड, नुमायश कैंप आदि कॉलोनियों में करीब साढ़े आठ हजार घरों में पीएनजी (रसोई गैस) कनेक्शन दिए जा चुके है। इनमें करीब एक सौ घरों में पाइप लाईन से गैस आपूर्ति भी शुरु हो गयी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक महीने के प्रथम सोमवार को नगर निगम में एक बैठक कर पाईप लाईन बिछाने और कनेक्शन व आपूर्ति के संबंध में प्रगति की समीक्षा की जायेगी। बैठक में भारत पैट्रोलियम के अधिकारी भी रहेंगे।