‘7 में से 6 नये एयरपोर्ट बंद…घास हटवाकर भी देख लो’, नोएडा एयरपोर्ट के उद्धघाटन पर बोले अखिलेश यादव

‘7 में से 6 नये एयरपोर्ट बंद…घास हटवाकर भी देख लो’, नोएडा एयरपोर्ट के उद्धघाटन पर बोले अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया है. सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में सात में से छह एयरपोर्ट बंद हैं. सरकार को देखना चाहिए कि इनका हाल क्या है?

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक रिपोर्ट को टैग करते हुए यूपी के सात में छह एयरपोर्ट बंद होने का आरोप लगाया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी अरबों के ठेके अपनों में बाँटकर कमाई बांट रही है. इनका मकसद हवाई अड्डे चलाना नहीं है.

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज

सपा अध्यक्ष ने लिखा- ‘देखो भाजपा का भ्रष्ट प्रबंध, 7 में से 6 नये एयरपोर्ट बंद! उप्र के बाक़ी हवाई अड्डों का क्या हाल है ‘घास हटवाकर’ ये भी तो देख लिया जाए. भाजपा में अरबों का निर्माण सिर्फ़ अपनों को ठेके बाँटकर, कमाई को बाँटने के लिए होता है. इन्हें न तो कोई हवाई अड्डा चलाना है, न उड़ान योजना में कोई हवाई जहाज़ उड़ाना है, इन्हें तो बस कमाना है.’

अखिलेश यादव की इस पोस्ट को नोएडा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्धाटन से जोड़कर देखा जा रहा है. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर ज़ोरदार हमला किया था. उन्होंने कहा कि सपा सरकार की वजह से ये एयरपोर्ट नहीं बन पाया था.

पीएम मोदी ने सपा पर लगाया आरोप

पीएम मोदी ने कहा कि 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा. जब हमारी सरकार बनी तो उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार की थी। शुरू के दो तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया. लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी, निर्माण भी हुआ और आज उद्घाटन भी हो गया है.

बता दें कि कल 29 मार्च को नोएडा के दादरी में ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी एक बड़ी रैली होने जा रही है. माना जा रहा है कि सपा मुखिया इस रैली में बीजेपी के तमाम आरोपों का जवाब दे सकते हैं.


Leave a Reply