हजरत अली अकबर अलैहिस्सलाम की शहादत की याद में 6 मोहर्रम को नगर में निकाला गया मातमी जुलूस

हजरत अली अकबर अलैहिस्सलाम की शहादत की याद में 6 मोहर्रम को नगर में निकाला गया मातमी जुलूस
  • सहारनपुर में मातमी जुलूस निकालते सोगवार।

सहारनपुर। हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के जाँबाज 18 वर्षीय पुत्र और शबीह-ए-पैगम्बर हजरत अली अकबर अलैहिस्सलाम की शहादत की याद में आज नगर में पारंपरिक रूप से मातमी जुलूस निकाला गया। यह जुलूस मौहल्ला अंसारियान स्थित वक्फ जनाना इमामबाड़ा हाजी सादिक हुसैन से शुरू हुआ, जहाँ अकीदतमंदों ने जुलजनाह निकाला। छोटा इमामबाड़ा अंसारियान से बड़ा अलम भी रवाना हुआ।

जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शरीक होकर छुरियों और जंजीरों से मातम किया। सभी ने काले कपड़े पहन रखे थे, नंगे पांव, गिरेबान चाक किए हुए, सीना जनी करते हुए ‘लब्बैक या हुसैन, ‘हाय सकीना हाय प्यास जैसे मातमी नारे लगाते रहे। जुलूस का मार्ग छोटा इमामबाड़ा, मौहल्ला मुतरीबान, नखासा बाजार, खानी बाग, सर्राफा बाजार, हलवाई हट्टा, बाजार दीनानाथ, भगत सिंह चैक, मोरगंज, नगर कोतवाली, पुल दाल मंडी, मटिया महल, आर्य कन्या इंटर कॉलेज होते हुए बड़ा इमामबाड़ा जाफर नवाज पहुँचा। वहाँ कुछ समय ठहराव के बाद वापसी मार्ग से होते हुए जुलूस पुन: छोटा इमामबाड़ा अंसारियान पर समाप्त हुआ।

जुलूस में सबसे आगे ऊँट, दर्जनों घोड़े, बैल व झोटा गाडिय़ाँ रहीं, जिन पर सवार बच्चे काले परचम लिए नाराए रिसालत, हुसैनियत जिंदाबाद और यजीदियत मुर्दाबाद जैसे नारे बुलंद कर रहे थे। उनके पीछे हजरत अब्बास अलैहिस्सलाम के शबीह-ए-अलम के साथ मातमी अंजुमनें चल रही थीं। प्रमुख अंजुमनों में ‘अंजुमन इमामिया’, ‘अंजुमन सोगवारे अकबरिया’ और ‘अंजुमन अकबरिया’ शामिल रहीं। अंजुमन इमामिया में नौहा ख्वानी सलीस हैदर काजमी, मिर्जा मेहरबान, मिर्जा माहिर, आसिफ रजा, अली मेहदी, शहबाज काजमी आदि ने की। संचालन मिर्जा मेहरबान, लियाकत हुसैन अनवर जैदी और जमाल जैदी ने किया।

अंजुमन सोगवारे अकबरिया में अनवर अब्बास जैदी, अदनान काजमी, शुजा काजमी, नईम मिर्जा, शबीह हैदर आदि शामिल रहे। संचालन अख्तर अली जैदी, इफ्तेखार हुसैन जैदी और वजारत काजमी आदि ने किया। अंजुमन अकबरिया’ के नौहा ख्वानों में गुड्डू, रियाज आबदी, मिर्जा नदीम, समीर आबदी, मिर्जा अयाज, दानिश जाफरी शामिल रहे। संचालन शबीह आबदी, शादाब आबदी, निशान हैदर, दानिश, रविश, मन्नू आदि ने किया।

जुलूस के अंत में हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के जुलजनाह की शबीह शामिल रही, जिसकी बाग ख्वाजा अब्बास कुमैल, कैसर अब्बास और मुनीर अब्बास ने संभाली। सम्पूर्ण जुलूस का संयोजन छोटा इमामबाड़ा अंसारियान के प्रबंधक दानिश आबदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर फरहत मेहदी, डॉ. जेड ए कौसर, मंजर हुसैन काजमी एडवोकेट, इन्तेजार मेहदी, काजी अकरम, सिब्तैन रजा, डॉ. एम.एम. जैदी, मीसम काजमी, नुसरत अजीज, तालिब जैदी, अम्मार आबदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *