शोभित विश्वविद्यालय गंगोह की 6 सदस्य टीम ने 23 जनवरी को आयोजित समूह चर्चा प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया

गंगोह [24CN] : प्रतियोगिता पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तहत उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड राज्यों के स्तर पर शोभित डीम्ड विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा “जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन” विषय पर आयोजित की गई थी। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड रीजन की इस प्रतियोगिता में दोनों प्रदेश से कुल 24 टीमों ने प्रतिभाग किया। 127 प्रतिभागियों ने पूरे दिन चली इस प्रतियोगिता में जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन पर एक से बढ़कर एक उपायों पर चर्चा की।
प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र जी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हालांकि पृथ्वी जल से समृद्ध है, किंतु संपूर्ण जलराशि का केवल 1% ही पीने योग्य है। अनुसंधान बताते हैं कि भविष्य में पीने योग्य जल की कमी हो जाएगी। सन 2025 तक भारत सहित कई अन्य देशों को इस गंभीर संकट से जूझना होगा। अतः विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का उचित प्रबंधन आज के समय की महत्वपूर्ण मांग है।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि श्री गोपाल आर्य जी राष्ट्रीय समन्वयक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं से प्राकृतिक संसाधनों के उचित प्रबंधन पर बढ़-चढ़कर विचार विमर्श की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 कार्यक्रम युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का एक मंच है। विचारों के मंथन से ही पर्यावरण को संरक्षित करने का अमृत निकलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. एच० पी सिंह, मा० सदस्य, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज भी विशिष्ट अतिथि की भूमिका में सम्मिलित हुए। उन्होंने भी पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की महत्ता पर बल दिया। उद्घाटन सत्र में स्वागत उद्बोधन शोभित डीम्ड विश्वविद्यालय, मेरठ संस्था के कुलपति प्रो0 (डॉ.) अजय राणा जी द्वारा दिया गया।
प्रतियोगिता का परिणाम विश्वविद्यालय/ महाविद्यालय स्तर और प्रतिभागी के स्तर पर घोषित किया गया। प्रथम स्थान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, बनारस की टीम ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से डॉ शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ और आरजी पीजी कॉलेज मेरठ की टीम ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर भी संयुक्त रूप से शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह सहारनपुर और कनोहर लाल (पीजी) कॉलेज, मेरठ की टीम ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
टीमों के परिणामों के साथ प्रतिभागियों के अनुसार भी कुल 10 प्रतिभागियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु चयनित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में डॉ. उमेश शुक्ला जी, (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड प्रभारी, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि),डॉ. सुधीश शुक्ला,( पर्यावरण नोडल अधिकारी, शोभित डीम्ड विश्वविद्यालय, मेरठ) डॉ. प्रशांत कुमार (पर्यावरण नोडल अधिकारी, शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह) का सक्रिय योगदान रहा।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो0 (डॉ.) रंजीत सिंह एवं संस्था के कुलसचिव प्रो0 (डॉ.) महिपाल सिंह ने सभी विजेता टीमों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।