शिविर में किया 41 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान
- सहारनपुर में सेवा भारती के शिविर में रक्तदान करता रक्तदाता।
सहारनपुर [24CN] । राष्ट्रीय सेवा भारती व माधव समर्पण सीमित ट्रस्ट के तत्वावधान में विनायक दामोदर सावरकर की 139वीं जयंती के उपलक्ष में आयोजित तीन दिवसीय रक्तदान शिविर के पहले दिन 41 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। देहरादून चौक स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के शारीरिक शिक्षण प्रमुख नरेश ने विनायक दामोदर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण व स्वयं रक्तदान करके किया।
उन्होंने कहा कि वीर सावरकर सच्चे देशभक्त थे। उनके जीवन संघर्ष से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। अपने देश व समाज के लिए कैसे जीना है, ऐसा वीर सावरकर ने अपने जीवन उदाहरण से प्रस्तुत किया। उनका अधिकांश जीवन जेल में ही व्यतीत हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा भारती देश में सर्वाधिक सेवा कार्य करने वाली संस्था है जिसके द्वारा देश में प्रतिवर्ष 2 लाख से अधिक सेवा कार्य किए जाते हैं। यह सेवा कार्य संस्था की कीर्ति व प्रतिष्ठा के लिए नहीं किए जाते बल्कि समाज के अभावग्रस्त लोगों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। वे स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बनें और समाज में सेवा कार्य की प्रेरणा मिले, इस उद्देश्य को लेकर किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा भारती सहारनपुर महानगर के द्वारा वर्तमान कोरोना संकट काल में विगत एक माह से अधिक समय से अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सेवा भारती के विभाग संगठन मंत्री विनोद कुमार, विभाग सेवा प्रमुख योगेंद्र शर्मा, सेवा भारती के अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी, अमरकांत, सेवा प्रमुख रामपाल, दलीप, महानगर प्रचार प्रमुख राजीव अग्रवाल, सुरेश कुमार, प्राचार्य योगेंद्र, अशोक बंसल, महानगर प्रचारक राजन, इंद्रपाल, संजीव, श्रवण, वीरेंद्र, सुशील गुप्ता, अनुराग, आनंद, भारत भूषण, विपिन खटाना, अशोक, सतीश आदि मौजूद रहे।
