70 वार्डो में लगायी जा चुकी हैं 40 हजार एलईडी लाईट्स: नगरायुक्त

- निगम कर रहा है जनजीवन सुधारने का लगातार प्रयास: मेयर
सहारनपुर [24CN]। शुक्रवार रात से गंगोह रोड का मानकमऊ व शुगर मिल क्षेत्र भी झकाझक सफेद एलईडी लाइटों एवं रंगीनियों से जगमगा उठा है। शुक्रवार रात आठ बजे मेयर संजीव वालिया, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह व महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत ने गंगोह रोड डिवाइडर पर लगाये गए 80 पोल्स के साथ 160 एलईडी लाइटों का उद्घाटन किया। अपर नगरायुक्त रवीश चौधरी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, विद्युत प्रभारी एस बी अग्रहरि के अलावा पार्षदगण यशपाल कोरी, मौ.सलीम, कलम धीमान, प्रदीप पंवार व रमन चौधरी भी मौजूद रहे। गंगोह रोड पर अंबाला रोड पुल से माकममऊ बड़ी नहर पुल तक बनाये गए डिवाइडर के बीच नगर निगम द्वारा ईईएसएल कंपनी के सहयोग से 80 पोल्स के साथ 160 एलईडी लाईट लगायी गयी हैं। पोल्स पर छोटी लाईटों वाली रंगबिरंगी लडिय़ा भी लगायी गयी है जिससे यह क्षेत्र सफेद झकाझक करती लाईटों के साथ रंगीनियों से भी नहा उठा है।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने शिलालेख का अनावरण कर तथा भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत ने नारियल फोड़कर उक्त एलईडी लाईटों का उद्घाटन किया। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने मेयर संजीव वाालिया को बताया कि ये सभी लाइटें सीसीएनएस ऑटोमेटिक पैनल से संचालित हैं। पैनल में इन लाईटों के जलने बुझने का समय निर्धारित किया गया है, ये सब लाइटें उसी हिसाब से स्वयं जलने बुझने का काम करेंगी। इनकी मॉनेटरिंग नगर निगम से होगी। उन्होंने बताया कि शहर में अभी तक 570 आटोमेटिक पैनल लगाये जा चुके है और अभी आगे भी लगाने का काम जारी है। महानगर के सभी 70 वार्डो में करीब 40 हजार एलईडी लाईट्स नगर निगम द्वारा लगायी जा चुकी है।
नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम मलीन बस्तियों को पूरी तरह एलईडी लाईट्स से आच्छादित करने का काम भी प्राथमिकता के साथ कर रहा है। मेयर संजीव वालिया ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम सहारनपुर महानगर के लोगों का जनजीवन सुधारने के लिए सहारनपुर का सौंदर्यीकरण करने और उसे कूड़ा मुक्त शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन ये तभी संभव होगा जब लोगों का भी सहयोग इसमें मिलेगा। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनाने तथा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लोगों से शत प्रतिशत भागेदारी की अपील की। कार्यक्रम में राकेश पुंडीर, मनीष गब्बर, देवेन्द्र अरोड़ा, मनीष बाबा, ईईएसएल कंपनी के प्रतिनिधि अरुण पेटवाल, तुषार, सौरभ व मनीष आदि मौजूद रहे।