सिद्धपीठ शिव बगलामुखी मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से प्रारंभ, निकली कलश यात्रा
- सहारनपुर में मंगल कलध यात्रा निकालती श्रद्धालु महिलाएं।
सहारनपुर। सिद्धपीठ शिव बगलामुखी मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 28 जनवरी से 04 फरवरी तक प्रतिदिन किया जाएगा। पेपर मिल रोड स्थित ब्रह्मपुरी कॉलोनी में स्थित सिद्धपीठ शिव बगलामुखी मंदिर में वार्षिकोत्सव के प्रथम दिन नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर परिक्रमा की और मंगल गीत गाते हुए भक्तिभाव से आगे बढ़ीं। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।
आचार्य पंडित रोहित वशिष्ठ महाराज ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करेंगे। कार्यक्रम का समापन 04 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ होगा। इस दिन प्रातः विशेष हवन-पूजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस अवसर पर आचार्य पंडित रोहित वशिष्ठ महाराज, मंदिर समिति के सदस्य तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
