कोरोनावायरस का कहर: चीन में 169 मरे, भारत समेत चार देशों से चीन की उड़ानें रद्द, टोयटा का प्लांट बंद

कोरोनावायरस का कहर: चीन में 169 मरे, भारत समेत चार देशों से चीन की उड़ानें रद्द, टोयटा का प्लांट बंद
  • अमेरिका ने 200 और जापान ने 206 लोगों को वुहान से सुरक्षित निकाला
  • चीन बोला जो देश अपने लोगों को ले जाना चाहते हैं उनकी पूरी मदद
  • भारत सरकार की लोगों से अपील चीन की यात्रा करने से बचें लोग
  • ब्रिटिश एयरवेज ने चीन जाने वाली और चीन से आने वाली उड़ाने रद्द कीं
  • एयर इंडिया ने दिल्ली-शंघाई और इंडिगो ने दो रूट पर बंद की विमान सेवा
  • वाहन निर्माता कंपनी टोयटा ने अपना प्लांट 9 फरवरी तक बंद कर दिया है

चीन के वुहान में फैले कोरोनावायरस ने बुधवार को 37 और लोगों को मौत की नींद सुला दिया। अब तक कुल 169 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं चीन समेत दुनियाभर में इस रोग से पीड़ित कुल मरीजों की संख्या 6 हजार के पार पहुंच गई है। मृतकों और मरीजों की बढ़ती संख्या देख भारत समेत दुनियाभर के देश दहशत में आ गए हैं।

भारत समेत चार देशों ब्रिटेन, रूस, इंडोनेशिया और म्यांमार ने चीन की उड़ानों को रद्द कर दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे चीन की यात्रा करने से बचें। भारतीय विमानन कंपनी एयर इंडिया ने दिल्ली-शंघाई उड़ान को 31 जनवरी से 14 फरवरी तक के लिए रद्द कर दिया है।

इंडिगो एयरलाइन्स ने भी बुधवार को घोषणा कर दी कि एक फरवरी से 20 फरवरी तक बेंगलूरु-हांगकांग रूट की फ्लाइट और दिल्ली से चेंगदु की विमान सेवा रद्द रहेगी। इंडिगो ने बताया है कि कोलकाता और गुवांगझु की फ्लाइट सेवा जारी रहेगी और इसकी सख्ती से निगरानी की जा रही है। एयर इंडिया और इंडिगो ने कॉकपिट सदस्यों केदक्षिण पूर्व एशियाई देशों की यात्रा के दौरान एन-95 मास्क पहनने का निर्देश दिया है।

ब्रिटेन, रूस, इंडोनेशिया और म्यांमार ने भी लगाई उड़ानों पर रोक
ब्रिटिश एयरवेज ने चीन से आने वाली और चीन जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। ब्रिटिश एयरवेज ने यात्रियों की असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है। इसी तरह म्यांमार ने भी चीन की तीन उड़ानों को रद्द किया है। रूस की विमान कंपनी उरल्स ने भी यूरोप जैसे पेरिस और रोम की फ्लाइटों को रद्द कर दिया है क्योंकि यहां पर संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

इसी तरह इंडोनेशिया की लॉयन एयर ग्रुप ने अपनी चीन की सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। कंपनी ने छह रूट पर अपनी उड़ान को अगले महीने तक के लिए बंद कर दिया है। वहीं पपुआ न्यू ग्युना ने बुधवार को एशियाई लोगों के देश में आने पर प्रतिबंध लगा दिया।

जनवरी में चीन गए तो डॉक्टर से मिलें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को ताजा एडवाइजरी करते हुए भारतीय लोगों से अपील की है कि अगर जरूरी न हो तो वे चीन की यात्रा करने से बचें। जो लोग एक जनवरी 2020 को या इसके बाद चीन गए थे वो लोग नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर इसकी जानकारी दें। मंत्रालय ने इसके अलावा 24 घंटे सातों दिन के लिए एक हेल्प लाइन नंबर 011-23978046 भी जारी किया है जहां श्वास संक्रमण को लेकर मदद ले सकते हैं।

भारत में कोरोना के 10 संदिग्ध निगरानी में
जयपुर के एसएमएस अस्पताल में कोरोनावायरस के संदिग्ध छात्र का इलाज चल रहा था उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। छात्र 12 जनवरी को वापस लौटा था तो चीन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। इसी तरह महाराष्ट्र में नौ संदिग्ध रोगियों को निगरानी में रखा गया है। नौ में से छह लोग मुंबई, दो पुणे और नांदेण में हैं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे