मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में लगाई जाएंगी 14-14 टेबल
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में मतदान सम्पन्न होने के बाद अब मतदाताओं की निगाहें आगामी 10 मार्च को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। उधर जिला प्रशासन ने भी मतगणना की तैयारी शुरू कर दी है। मतगणना के लिए कुल 98 टेबल लगाई जाएंगी तथा मतगणना में इस बार कोविड-19 के प्रोटोकॉल का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के अंतर्गत सहारनपुर जनपद की बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद, रामपुर मनिहारान व गंगोह विधानसभा सीट पर विगत 14 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सम्पन्न कराया गया था जिसकी मतगणना 10 मार्च को कराई जाएगी जिसे लेकर मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक विश्लेषकों की निगाहें भी मतगणना पर टिकी हुई हैं। मतगणना में रामपुर मनिहारान में सबसे कम 365 पोलिंग बूथ होने के कारण सबसे पहले नतीजा आने की संभावना जताई जा रही है तथा सहारनपुर में सर्वाधिक बूथ होने के कारण नतीजा सबसे आखिरी में आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि मतगणना स्थल पर जिले की सातों विधानसभा सीटों के लिए 98 टेबल लगाई जाएंगी जिनमें बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद, रामपुर मनिहारान व गंगोह विधानसभा सीटों के लिए 14-14 मतगणना टेबल लगाई जाएगी तथा एक-एक टेबल आरओ की लगेगी। उन्होंने बताया कि बेहट में 439, नकुड़ में 421, सहारनपुर नगर में 481, सहारनपुर देहात में 421, देवबंद में 401, रामपुर मनिहारान में 365 व गंगोह विधानसभा क्षेत्र में 453 पोलिंग बूथ हैं। इसलिए रामपुर मनिहारान में सबसे कम पोलिंग बूथ होने के कारण परिणाम सबसे पहले आ सकते हैं। इसी तरह सहारनपुर नगर में सर्वाधिक पोलिंग बूथ होने की वजह से यहां राउंड सर्वाधित होंगे। इसलिए यहां परिणाम सबसे बाद में आएगा। उन्होंने बताया कि सहारनपुर की सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों को कितने-कितने मत मिले, इसकी भी जानकारी दी जाएगी। दोपहर बाद सभी सातों सीटों पर हार-जीत की तस्वीकर भी साफ हो जाएगी।