उत्तर प्रदेश में 128 नए मामले और दो की मौत, संक्रमित मरीजों की संख्या 3048

यूपी में 3048 हो गई संक्रमितों की संख्या

प्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के कुल 128 नए मामले समाने आए। कानपुर और मेरठ के दो संक्रमित लोगों के मौत की भी पुष्टि हुई। प्रदेश में अब तक मिले संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3048 हो गई है।
आगरा में 27 नए मरीज मिले

आगरा में बुधवार को सुबह 13 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी इसके बाद रात में 14 और लोग संक्रमित पाए गए हैं। कुल 27 संक्रमित एक दिन में मिले हैं। जिले में अब तक 667 मरीज हुए।

मेरठ में 10 और कोरोना संक्रमित मिला
मेरठ में बुधवार रात को आई रिपोर्ट में 10 और कोरोना के मरीज मिले हैं। अब जनपद में मरीजों की संख्या 186 हो गई है। कानपुर में इलाज करा रहे मेरठ के मरीज को जोड़ दिया जाए तो यह संख्या 187 हो जाएगी।

हाथरस का एक व्यक्ति क्वारंटीन
हाथरस जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि मुरसान के करील का निवासी एक व्यक्ति आगरा में अपना उपचार करा रहा था। आगरा में ही उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। एहतियात के तौर पर हाथरस में उसके परिजनों को भी क्वारंटीन किया गया है।

हापुड़ में मिले छह कोरोना संक्रमित
हापुड़ जिले में 6 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि से हड़कंप मच गया है। सभी मरीज पहले से हॉटस्पॉट गांव कुराना के रहने वाले हैं। बुधवार सुबह भी मजीद पुरा निवासी एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

कानपुर में 15 और लोगों में कोरोना की पुष्टि
कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को कोरोना के 15 नए मामले सामने आए हैं। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि ये सभी लोग हॉटस्पॉट एरिया के हैं और कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए बताए जा रहे हैं। कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 290 हो गई है।

गाजियाबाद में मिले छह कोरोना संक्रमित
गाजियाबाद जिले में लगातार कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को भी छह नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज खोडा के रहने वाले हैं। दो मरीज तीन पहले एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराने साथ गए थे। जांच में कोरोना पुष्टि होने के साथ ही उसकी मौत हो गई थी। मृतक के साथ गए दोनों युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

वाराणसी में नौ और संक्रमित मिले
वाराणसी में बुधवार को कोरोना वायरस से नौ और लोग संक्रमित मिले हैं। इस तरह जिले में अब कोरोना मामलों की संख्या 77 हो गई है। डीएम कौशल राज शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। बुधवार को जो नए मरीज मिले हैं। उसमें जैतपुरा निवासी एक मरीज के संपर्क आए छह और मदनपुरा से जमातियों के संपर्क में आने वाले दो और लल्लापुरा में एक नए मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है, जिसमें एक्टिव केस बढ़कर 61 हो गए हैं। 10 मरीजों को डिस्चार्ज करने की तैयारी भी चल रही है।

फिरोजाबाद में एक और कोरोना संक्रमित मिला
फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमित एक और व्यक्ति मिला है। बुधवार को जांच रिपोर्ट में हॉटस्पॉट क्षेत्र का एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। अब जनपद में कुल 168 मामले हो गए हैं। जिनमें से 43 मरीज ठीक हुए हैं तीन की मौत हो चुकी है।

मेरठ में कोरोना से एक और मौत
मेरठ में कोरोना से एक और मौत हो गई है। सदर बाजार थाना इलाके के रविंद्रपुरी निवासी एक शख्स की आज मौत हुई है।  3 दिन पहले कोरोना के लक्षण मिले थे। उसके बाद पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। मौत के बाद मरीज के परिजनों में भी दहशत हो गई है। मेरठ में अब तक कोरोना से नौ लोगों की मौत हो गई है। जिलाधिकारी और सीएमओ ने इसकी पुष्टि की है।

झांसी: 106 में सिर्फ एक नमूना पॉजिटिव
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की कोरोना लैब में मंगलवार को 106 संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें जालौन का एक नमूना ही पॉजिटिव पाया गया। बाकी 105 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं, झांसी में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद उसके संपर्क में आए 37 लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। अन्य की भी तलाश की जा रही है।

मथुरा में छह नए कोरोना पॉजिटिव
मथुरा शहर के हॉटस्पॉट एरिया की भार्गव गली निवासी मेडिकल स्टोर के डिलीवरी ब्वॉय और उसकी मां की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव। बुधवार सुबह चार लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी, शाम को दो लोगों की आई पॉजिटिव, बुधवार को कुल 6 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है जिले में कुल पॉजिटिव केसों की संख्या 39 हो गई है।

बस्ती में चार नए कोरोना पॉजिटिव
बस्ती में चार नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 35 हो गई है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है। इसकी पुष्टि बस्ती जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने की है।

अलीगढ़ में छह लोगों में कोरोना की पुष्टि
अलीगढ़ में आज फिर से छह लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। अलीगढ़ के रसलगंज में छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 50 हो गई है। जिसमें 2 मरीज की मौत भी हो चुकी है। जबकि 11 मरीज ठीक हुए हैं। जनपद में एक्टिव मरीजों की संख्या 37 है। डीएम चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज से आज 6 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनके आवास के 1 किमी के एरिया को सील कर नगर निगम द्वारा सैनिटाइज किया जा रहा है। डीएम ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि लोग लॉकडाउन का पालन करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें व अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें।

जौनपुर में जमात प्रमुख की कोरोना से मौत
जौनपुर जिले में अस्थाई जेल में रखे गए जिले के जमात प्रमुख की मंगलवार की रात मौत हो गई। तब्लीगी जमात से लौटे बांग्लादेशी नागरिकों को शरण दिलाने और उनकी जानकारी छिपाने के आरोप में उनपर हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज था। शहर के फोरोसेपुर निवासी जमात प्रमुख को दो अप्रैल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

कुशीनगर में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव युवक मिला है। यहां संक्रमितों की संख्या दो हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक यह युवक पश्चिम बंगाल के बनकुड़ा जिले से लौटा था। सीएमओ डॉ एनपी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।

संतकबीरनगर में चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में मंगलवार की देर रात आई रिपोर्ट में चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यह चारों देवबंद से आए मगहर के रहने वाले छात्र के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। अब तक जिले में संक्रमितों की संख्या 32 हो गई है।

यूपी में 110 नए कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को 110 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए थे। शनिवार तक प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 2895 हो गई थी। वहीं मंगलवार को 185 मरीज डिस्चार्ज भी किए गए थे।स्टेट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार प्रदेश में अब तक 987 पॉजिटिव मरीज स्वास्थ्य लाभ लेकर घर भेजे जा चुके हैं। यूपी में मंगलवार को पांच लोगों की मौत हुई थी। मंगलवार तक मौतों का आंकड़ा 56 तक पहुंच गया था।


विडियों समाचार