यूपी में SIR की निगरानी करेगी कांग्रेस की 12 सदस्यीय कमेटी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय होंगे संयोजक

यूपी में SIR की निगरानी करेगी कांग्रेस की 12 सदस्यीय कमेटी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय होंगे संयोजक

लखनऊ। कांग्रेस की 12 सदस्यीय समिति राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की निगरानी करेगी। पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को समिति का संयोजक नियुक्त किया है। इसके अलावा कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद इमरान मसूद, सांसद राकेश राठौर, सांसद तनुज पुनिया, सांसद उज्जवल रमण सिंह, विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कांग्रेस वार रूम के प्रभारी संजय दीक्षित व प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष आसिफ अली रिजवी उर्फ रिंकू को समिति में शामिल किया गया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि समिति मंगलवार से एसआइआर की प्रक्रिया की निगरानी शुरू करेगी। निगरानी के लिए पहले ही सभी जिलों के कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।

समिति जिला व शहरी कांग्रेस के नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिन लोगों के नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, उनके नाम दोबारा सूची में जुड़वाने का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि समिति रोजाना सभी जिलों से एसआइआर की रिपोर्ट लेकर अपने स्तर से उसकी समीक्षा करेगी।