यमुना में मोटर बोट पलटने से पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, बचाव कार्य में जुटी सेना व SDRF; कई अब भी लापता

यमुना में मोटर बोट पलटने से पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, बचाव कार्य में जुटी सेना व SDRF; कई अब भी लापता

मथुरा से बड़ी खबर सामने आ रही है, वृंदावन में यमुना नदी में एक स्टीमर पलट जाने से हड़कंप मच गया. यह हादसा केशी घाट के पास हुआ, जहां स्टीमर में सवार करीब 25 लोग अचानक दुर्घटना का शिकार हो गए. इस हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि कई लोगों की डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है.

इस हादसे को लेकर डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि यमुना नदी में 2:45 बजे एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी. लुधियाना से लगभग 30 लोग आए थे, जो नावों में यमुना नदी भ्रमण रहे थे. यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना केसी घाट के पास हुई, जिसमें एक नाव डूब गई. बिहारी जी की कृपा से सभी लोग बचा लिए जाएँगे, हमने यहां के आर्मी स्टेशन से मदद के लिए संपर्क किया है, हमने उनकी मदद मांगी है उनके लोग भी आ रहे हैं.

डीएम ने कहा कि हमारा काम लोगों की जान बचाना है, अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है. रामकृष्ण मिशन अस्पताल हमारा सबसे बड़ा अस्पताल है, हमने इसे हाई अलर्ट पर रखा है.

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. गोताखोरों की मदद से तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक 13 लोगों को यमुना नदी से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 5 लोग सुरक्षित हैं. यमुना नदी में लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है.

वहीं इस घटना को लेकर एसपी मथुरा (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई है. 22 लोगों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है.

SP ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि बचाए गए लोगों को तुरंत एम्बुलेंस और आठ PRV (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) यूनिट्स के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया. हम अभी स्थिति का जायजा ले रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितने लोगों की दुखद रूप से जान चली गई है. यहां एक पीपा पुल बना हुआ है, चूंकि यह खराब हालत में था, इसलिए एक एजेंसी पोंटूनों पर मरम्मत का काम कर रही थी. ऐसा शक है कि यह हादसा शायद इसी चल रहे मरम्मत के काम की वजह से हुआ है.

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

वहीं मथुरा में नाव पलटने की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है, वहीं मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश  दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है.


Leave a Reply