संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ, जनजागरूकता को रैली निकाली
- सहारनपुर में जनजागयकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते अतिथिगण।
सहारनपुर। सरकार के निर्देशानुसार जनपद सहारनपुर में अप्रैल माह के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 से 30 अप्रैल ) एवं दस्तक अभियान (10 से 30 अप्रैल) का शुभारम्भ आज टीबी सेनेटोरियम, एसबीडी परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डा. अजय कुमार सिंह द्वारा शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण कुमार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
महापौर ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टीबी एवं डायरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए हाई-रिस्क क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी लक्षणयुक्त मरीजों, कुपोषित बच्चों एवं मच्छर प्रजनन वाले स्थानों की सूची तैयार कर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी, जिससे समय पर उपचार व रोकथाम की कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। नगर निगम द्वारा नालियों की सफाई, जलभराव समाप्त करने, एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कराई जाएगी। वहीं ग्राम पंचायतों को भी साफ-सफाई, जल निकासी एवं झाड़ियों की कटाई के निर्देश दिए गए हैं। अभियान में स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, बाल विकास, शिक्षा एवं कृषि विभाग सहित अन्य विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका तय की गई है, जिससे समन्वित प्रयासों के माध्यम से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
