‘शाहरुख खान को समझ में आ गया है…’, BCCI के फैसले पर संगीत सोम की पहली प्रतिक्रिया
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को लेकर विरोध लगातार जारी है, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को शामिल किये जाने पर बीजेपी नेता संगीत सोम समेत कई लोगों ने विरोध किया था. इन्हीं विरोध को देखते बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) ने KKR को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है. बीसीसीआई के कार्रवाई पर संगीत सोम की प्रतिक्रिया सामने आई है.
BCCI द्वारा KKR को बांग्लादेश के उनके एक खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश देने पर बीजेपी नेता संगीत सोम ने कहा, “BCCI ने जो निर्णय लिया है उसके लिए बहुत बहुत धन्यवाद. ये भारत के सभी हिन्दुओं की जीत है, सनातनियों की जीत है.”
‘शाहरुख को समझ आ गया कि सनातनियों से पंगा ठीक नहीं’
बीजेपी नेता संगीत सोम ने यह भी कहा है कि “शाहरुख खान को समझ में आ गया है कि भारत में रहकर सनातनियों से पंगा लेना या सनातनियों के विरुद्ध चलना सही नहीं रहेगा. उन्हें समझ आ गया है कि देश के सैकड़ों करोड़ लोग सनातनी हैं, उन्होंने ही उन्हें शाहरुख खान बनाया है.”
धर्माचार्यों ने किया था बांग्लादेशी खिलाड़ियों का विरोध
आपको बता दें कि बीजेपी नेता संगीत सोम के अलावा कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजूर रहमान को शामिल किये जाने पर आपत्ति जताई थी. साथ ही बीसीसीआई से बांग्लादेशी खिलाड़ियों जगह न देने की अपील की थी.
बीसीसीआई देगा रिप्लेसमेंट की इजाजत
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “हाल में चल रहे घटनाक्रमों को देखते हुए BCCI ने फ्रेंचाइजी KKR को बांग्लादेश के उनके एक खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है और BCCI ने यह भी कहा है कि अगर वे किसी रिप्लेसमेंट की मांग करते हैं, तो BCCI उस रिप्लेसमेंट की इजाजत देगा.”
