पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण समय की बड़ी मांग: वर्मा

पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण समय की बड़ी मांग: वर्मा
  • सहारनपुर में किसानों की बैठक को सम्बोधित करते भगतसिंह वर्मा।

बेहट [24CN]। भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य होने के कारण गरीबी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व अव्यवस्था की चपेट में है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे राज्यों के निर्माण से ही देश की उन्नति संभव है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में विभाजित कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण समय की आवश्यकता है।

भगतसिंह वर्मा बेहट तहसील के गांव भागूवाला में आयोजित किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के छोटे राज्य, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड आदि उन्नति की राह पर हैं। इन राज्यों में प्रति व्यक्ति आय देश में सर्वाधिक है। श्री वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य होने के कारण यहां चिकित्सा व शिक्षा की सुविधाएं नाममात्र के लिए हैं और पूरा प्रदेश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किया जाए तथा पृथक पश्चिम प्रदेश में शिक्षा व चिकित्सा की सुविधाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होंगी और यहां प्रति व्यक्ति आय देश ही नहीं दुनिया के कतर देश से भी अधिक होगी।

उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकारें लगातार किसानों का शोषण कर रही हैं। अन्नदाता किसानों की आय दोगुनी तो दूर आधी भी नहीं रह गई है। उन्होंने किसानों की उन्नति के लिए उनके सभी ऋण माफ करने, किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, प्रदेश में किसानों को लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल दिलाने की मांग की।

मोर्चा के प्रदेश सचिव आसिम मलिक ने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों की उन्नति ही सही मायने में देश की उन्नति है। इसलिए डा. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करके किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाया जाना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाकियू वर्मा के प्रदेश सचिव सतेंद्र सोलंकी ने कहा कि पृथक पश्चिम निर्माण से ही किसानों, मजदूरों व व्यापारियों की समस्याएं हल होंगी। उन्होंने मनरेगा योजना को सीधे कृषि से जोडऩे की मांग की। बैठक को राजीव चौहान, आशीष रोड, अब्दुल मलिक, महबूब हसन, रविंद्र प्रधान, नीरज सैनी प्रधान, सुमित चौधरी, सुरेंद्र सिंह, डा. अशोक मलिक आदि मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे